Jabalpur Railway News: जबलपुर-पुणे एवं जबलपुर-बांद्रा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के नियमित संचालन का शुभारंभ
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत 24 मई को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर जबलपुर-पुणे (ट्रेन संख्या 20162/20161) एवं जबलपुर-बांद्रा (ट्रेन संख्या 20164/20163) साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के नियमित संचालन के शुभारंभ अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, माननीया राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, विधायक पाटन अजय विश्नोई, विधायक कैंट अशोक रोहाणी, विधायक बरगी नीरज सिंह लोधी, विधायक सिहोरा संतोष वरकड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार एवं दिनेश कुमार कलामे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता सहित अन्य शाखा अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जबलपुर से पुणे एवं बांद्रा के लिए नियमित रेल सेवा प्रारंभ होने से यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध होगा तथा क्षेत्रीय विकास एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जबलपुर रेल मंडल द्वारा आयोजित इस शुभारंभ समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक, रेल उपभोक्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।