Jabalpur News: RDVV के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति, विश्वविद्यालय को एक घंटे का समय मिला, अब 12 जून तक ही होंगे पंजीयन

Jabalpur News: RDVV के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति, विश्वविद्यालय को एक घंटे का समय मिला, अब 12 जून तक ही होंगे पंजीयन

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) का 36 वां दीक्षान्त समारोह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में रविवार 21 जून को आयोजित किया जाएगा। दीक्षांत समारोह मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मप्र शासन के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न होगा।

उक्त जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रपति भवन से सहमति प्राप्त हो चुकी है। राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय को एक घंटे का समय आवंटित किया है।कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति को समूचे संस्कारधानी एवं विश्वविद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया है।

उन्होंने बताया कि यह दिन संस्कारधानी एवं विश्वविद्यालय के लिए स्वर्णिम दिन होगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में भी तत्कालीन भारत के राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के मुख्य आतिथ्य में विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षान्त समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया था।

लगभग 20 वर्ष बाद फिर राष्ट्रपति का आगमन निश्चय ही सुखद अनुभव होगा जो छात्र-छात्राओं के मनःपटल पर सदैव अंकित रहेगा। कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल, मुख्य संयोजक प्रो. एस.एस. संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी एवं प्रो. सुरेन्द्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में दीक्षान्त समारोह की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों के संयोजकों से तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

साथ ही दीक्षान्त समारोह में प्रेक्षागृह में मंच की बैठक व्यवस्था, दीक्षान्त शोभा यात्रा, स्वर्ण पदक एवं उपाधियों के वितरण की व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड का वितरण, दीक्षांत समारोह के सीधे प्रसारण की व्यवस्था के साथ-साथ सम्पूर्ण आयोजन के दौरान विद्युत व्यवस्था एवं विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों की पार्किंग हेतु समुचित व्यवस्था के लिए भी निर्देश दिए गए। दीक्षान्त समारोह में विश्वविद्यालय के 141 छात्र-छात्राओं को 240 स्वर्ण पदक, 182 विद्यावारिधि (पी एच डी), 3 विद्यावाचस्पति (डी लिट्) एवं 1 डीएससी उपाधि एवं 1 मानद उपाधि प्रदान किया जाना प्रस्तावित है। 

अब 12 जून तक होंगे पंजीयन, संशोधित अधिसूचना जारी-विश्वविद्यालय के 36 वें दीक्षान्त समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति जी के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए तथा व्यवस्था एवं पूर्ण तैयारी हेतु पंजीयन तिथि में संशोधन किया गया है। इस संबंध में जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार स्वर्ण पदकधारी और पीएचडी उपाधि धारकों के ऑनलाइन आवेदन और पंजीयन 15 जून के स्थान पर 12 जून को सायं 5 बजे तक होंगे। इसी प्रकार दीक्षांत का रिहर्सल कार्यक्रम 18, 19 जून को प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक एवं 20 जून को फुल गणवेश में प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक सभी पंजीयनकर्ता विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।