Jabalpur News: रांझी झंडा चौक निवासी 21 वर्षीय युवक की बरेला निसर्ग वाटर पार्क में करंट लगने से मौत

Jabalpur News: रांझी झंडा चौक निवासी 21 वर्षीय युवक की बरेला निसर्ग वाटर पार्क में करंट लगने से मौत

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रांझी झंडा चौक निवासी 21 वर्षीय युवक की बरेला स्थित वाटर पार्क में करंट लगने से मौत हो गई। बताया जाता है कि रांझी निवासी साजन विश्वकर्मा अपने 3 दोस्तों के साथ बरेला स्थित निसर्ग वाटर पार्क घूमने गए हुआ था। वाटर पार्क में मनोरंजन के दौरान साजन विश्वकर्मा वहां बनी फिसल पट्टी के पास पहुंचे।

इसी दौरान फिसल पट्टी की लोहे की रेलिंग के पाइप में अचानक करंट फैल गया। साजन का हाथ जैसे ही उस रेलिंग से छुआ, वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद उनके तीनों दोस्त और वहां उपस्थित अन्य लोग आनन-फानन में साजन को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने साजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस दुखद घटना से मृतक के दोस्तों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। ​वाटर पार्क प्रबंधन की इस गंभीर लापरवाही को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

लोगों का कहना है कि व्यावसायिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसा दुख न झेलना पड़े। पुलिस ने इस मामले की जानकारी मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए वाटर पार्क के कर्मचारियों और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।