Jabalpur News: कैंटोनमेंट क्षेत्र की जनसमस्याओं के निराकरण पर मंथन, विधायक रोहाणी ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

Jabalpur News: कैंटोनमेंट क्षेत्र की जनसमस्याओं के निराकरण पर मंथन, विधायक रोहाणी ने समीक्षा  बैठक में दिए निर्देश

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने मंगलवार को कैंटोनमेंट क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्रवासियों से प्राप्त समस्याओं एवं आवश्यक विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा कर उनके शीघ्र निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए कैंटोनमेंट क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बंद एवं क्षतिग्रस्त बोरिंगों की तत्काल मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पूर्व में प्रस्तावित एवं लंबित बोरिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा बोरिंगों की फ्लशिंग कराने के संबंध में चर्चा की गई।

विधायक ने कैंटोनमेंट क्षेत्र की जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के जीर्णोद्धार, मानसून पूर्व नालों एवं नालियों की व्यापक सफाई, करौंदी कुआँ मेन रोड एवं कुण्डे (झरना) करौंदी की खराब मोटरों को बदलने के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में वार्ड क्रमांक 4 स्थित काली माई मंदिर के पास सड़क के डामरीकरण तथा वार्ड क्रमांक 3 की गली क्रमांक 21 एवं 23 में पुलिया के पुनर्निर्माण कार्यों पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त आगामी वर्षा ऋतु में संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं जलभराव की स्थिति के निराकरण हेतु आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

कैंटोनमेंट सीईओ द्वारा सभी बिंदुओं पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया। विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मण्‍डल अध्‍यक्ष आशीष राव एवं सौरभ गोयल, संजय जैन आदि भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।