Jabalpur News: इंदौर से वसूली करने आए व्यापारी से हुई लूट का खुलासा, दोस्त भी शामिल था लूट की प्लानिंग में
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत 7 जून को लसुड़िया इंदौर निवासी व्यापारी अभय कुमार सिंह (उम्र 25 वर्ष) के साथ हुई लूट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने जांच में पाया कि उक्त लूट को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। जिसमें पीड़ित व्यापारी का एक दोस्त भी शामिल था। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पूरी वारदात से पर्दा उठाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पूरी योजना में शामिल रहे व्यापारी के कथित दोस्त की तलाश की जा रही है।
यह था पूरा मामला -
पुलिस ने बताया कि 7 जून को लसुड़िया इंदौर निवासी व्यापारी अभय कुमार सिंह (उम्र 25 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह प्राईवेट कम्पनी में काम करता है। 6 जून को अपने उधारी के पैसे लेने अपने दोस्त लखन चौरसिया के साथ सुबह लगभग 10.30 बजे जबलपुर आया था।अभय अपने एक अन्य दोस्त पियूष पटेल के कहने पर उनके जीजा जो पाटन वायपास में रहते हैं उनके घर जाकर रूका था तथा उनकी एक्सिस लेकर वह तथा लखन चौरसिया जबलपुर शहर घूमते हुए मझौली गांव तक गये थे। जहां उसने वीरेन्द्र कुमार नेमा बचौया तिराहा मझौली से व्यापार के उधारी के 2 लाख रूपये आए थे।
इंदौर लौटने से पहले पियूष पटेल ने फोन किया कि मेरा एक सामान एक लड़का लेकर आ रहा है। सामान साथ ले आना। कुछ देर बाद एक लड़का एक्सट्रीम मोटर सायकल से आया, जिसने उसे एक पैलीथीन का पैकेट दिया। इसी दौरान इंदौर वापस जाने की तैयारी कर रहे थे , लिहाजा पार्सल देने आए लड़के से उन्होंने ने बस स्टेण्ड का पता पूछा।इस पर उस लड़के ने बोला कि मैं छोड़ देता हूं। इसके बाद उसी लड़के की मोटर सायकल में अभय एवं लखन चौरसिया निकले।
शाम लगभग 7.30 बजे एक सफेद रंग की एक्टिवा जैसी गाड़ी में 3 अज्ञात लड़के आये और मोटरसाइकिल सवार युवकों पर मिर्च पावडर फैंक दिया। जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर गिर गई। जिसके बाद वो उठकर पैदल भागने लगे तो पीछे से एक लड़का और आ गया और एक लड़के ने उसे पकड़ लिया। जिसके बाद उसने चाकू निकालकर मारने की कोशिश की और पैसों वाला काले रंग का पिठ्ठू बैग जिसमें 2 लाख रूपये और उपयोग का सामान रखा था छुड़ा लिया।
ऐसे खुला लूट का राज-
पुलिस ने विवेचना के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किये। वहीं विश्वसनीय मुखबिरों को लगाया गया। साथ ही साथ पीडित लोगों से विस्तृत पूछताछ की गयी। जिस पर ज्ञात हुआ कि पीडित जब शाम के समय अपने साथी लखन चौरसिया के साथ अपने दोस्त पियूष पटेल के दोस्त राजेन्द्र पटेल के साथ मोटर सायकिल पर बैठकर दीनदयाल बस स्टैण्ड जा रहा था, उसी दौरान घटना हुई ।
जिस पर राजेन्द्र पटेल से विस्तृत पूछताछ की गयी, जो अपने साथी पियूष पटेल जो इंदौर में है उसके कहने पर जबलपुर के अपने साथी आलोक पाण्डे, रोहित उर्फ रोहन ठाकुर , शरद बेन, बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार कर लिया। आरोपी आलोक पाण्डे, रोहित उर्फ रोहन ठाकुर , शरद बेन, बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना को अभिरक्षा मे लेते हुए आरोपियों की निशादेही पर लूटे हुये रूपयों में से 1 लाख रूपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त एक एक्सिस, एवं स्ट्रीम मोटर सायकिल तथा 1 चाकू जप्त किया गया । साथ ही अन्य मशरूका बरामद करने हेतु मान्नीय न्यायालय के समक्ष पेश करते हुये पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। प्रकरण मे धारा 49 बीएनएस का इजाफा करते हुये आरोपी पियूष पटेल की तलाश जारी है।
नाम पता गिरफ्तार आरोपी-
01- राजेंद्र पटेल पिता छोटेलाल पटेल उम्र 26 वर्ष निवासी गुलजार होटल के पीछे चिमनी नगर थाना मदन महल
02- शरद बेन पिता राकेश बेन यम उम्र 21 वर्ष निवासी बेन मोहल्ला रामपुर आजाद चौक
03- बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना बेन पिता गया प्रसाद बेन उम्र 24 वर्ष निवासी आजाद चौक बेन मोहल्ला थाना गोरखपुर
04- आलोक पांडे पिता अशोक पांडेय उम्र 21 वर्ष पता दूसरा पुल नेहरू नगर थाना कैंट
05- रोहन और पुरोहित सिंह ठाकुर पिता संतोष ठाकुर उम्र 22 वर्ष पता काली मंदिर के सामने बिलेहरी थाना गोराबाजार