Jabalpur Lokayukta News: रिश्वत देने अपने प्राइवेट आफिस में बुलाया था पटवारी ने, पहुंच गई लोकायुक्त की टीम
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने एक बार रिश्वत लेते पटवारी को पकड़ा है। पटवारी ने आवेदक को रिश्वत देने अपने प्राइवेट आफिस में बुलाया था, लेकिन इतनी एहतियात बरतते के बाद भी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक कटनी जिले के ग्राम कौड़ियां निवासी शिवकुमार जायसवाल ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर के कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी।
जिसमें आवेदक शिवकुमार जायसवाल द्वारा बताया गया कि उसने पत्नी देववती के नाम पर 1 एकड़ 80 डिसमिल जमीन खरीदी थीं। जिसके सीमांकन के एवज में उपहार स्वरुप पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा द्वारा 5 हजार रूपए की मांग की जा रही है। पटवारी आवेदक से बातचीत में 5000 रुपए रिश्वत लेने को तैयार हो गया है।
शिकायत सत्यापन के बाद आज आवेदक द्वारा 5000 रुपए रिश्वत की राशि आरोपी पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा के प्राइवेट कार्यालय पहुंच दी गई , इसी दौरान लोकायुक्त की टीम ने दबिश देते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन) 2018 की धारा-7,13 (1) B, 13 (2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है।